पलारी। ग्राम कुसमी निवासी रामायण वर्मा की सजगता से एक एयर पिस्टल किसी गलत हाथों में जाने से बच गई। रामायण को करीब पांच दिन पहले कबाड़ बीनने के दौरान सड़क किनारे एक कवर में रखी एयर पिस्टल मिली थी। उन्होंने समझदारी का परिचय देते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार, रामायण वर्मा को कबाड़ बीनते समय सड़क किनारे एक कवर में पिस्टल जैसी वस्तु मिली। वस्तु संदिग्ध लगने पर उन्होंने इसकी जानकारी अपने मित्र टीकाराम वर्मा और मीडिया कर्मी चेतन पुरेना को दी। बाद में मामले की सूचना थाना पलारी को दी गई।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी परिवेश तिवारी स्वयं ग्राम कुसमी पहुंचे और मौके पर पहुंचकर जांच की।

जांच के दौरान बरामद वस्तु *ग्लोबस एयर पिस्टल स्प्रिंग एबीएस-2* निकली। पुलिस ने इसकी पुष्टि एयर पिस्टल के रूप में की। थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने रामायण वर्मा की सतर्कता और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देने पर उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध वस्तु, हथियार अथवा आपराधिक गतिविधियों में उपयोग हो सकने वाली सामग्री मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देनी चाहिए।

पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या सामग्री मिले तो उसे अपने पास रखने या उसका उपयोग करने के बजाय तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें।