
रिपोर्टर टेकराम कोसले
बसना/महासमुंद। महासमुंद जिले में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां तीन दोस्तों ने अपने ही साथी की चलती कार में बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी और फिर शव को महानदी किनारे स्थित टापू में गड्ढा खोदकर दफना दिया। मामले का खुलासा गुम इंसान जांच के दौरान हुआ। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भुनेश्वर यादव पिता आनंद राम यादव उम्र 38 वर्ष निवासी इंदिरा कॉलोनी थाना मंदिर हसौद जिला रायपुर के रूप में हुई है। 22 मई 2026 की रात भुनेश्वर यादव घर नहीं लौटे, जिसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर मृतक की पत्नी ने 28 मई 2026 को थाना मंदिर हसौद में गुम इंसान क्रमांक 59/2026 दर्ज कराया।
मोबाइल कॉल से मिला पहला सुराग
जांच के दौरान मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि 22 मई की रात उसने अपने पति के मोबाइल नंबर पर कॉल किया था। कॉल रिसीव होने पर उसे अपने पति की आवाज के साथ-साथ उसके मित्र नोहर दास रात्रे, अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे की आवाज भी सुनाई दी थी। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
मोबाइल लोकेशन और तकनीकी जांच में घटना वाले दिन मृतक और आरोपियों की लोकेशन नांदगांव क्षेत्र में पाई गई। पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसके बाद आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
महानदी किनारे टापू में दफनाया गया था शव
आरोपियों की निशानदेही पर मंदिर हसौद पुलिस नांदगांव स्थित महानदी किनारे टापू पर पहुंची, जहां खुदाई कर भुनेश्वर यादव का शव बरामद किया गया। शव को आरोपियों ने हाथ से गड्ढा खोदकर दफनाया था।
पानी की समस्या को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि 22 मई 2026 की रात करीब 11:30 बजे आरोपी नोहर रात्रे की ब्रेजा कार क्रमांक CG 04 PH 9996 में मृतक भुनेश्वर यादव, नोहर दास रात्रे, अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे शराब पीते हुए नांदगांव महासमुंद की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान मोहल्ले में पानी की किल्लत को लेकर मृतक और आरोपी नोहर रात्रे के बीच कार के अंदर ही विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी। बीच-बचाव करने पहुंचे अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे से भी मृतक की बहस और गाली-गलौज हो गई। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर चलती कार में भुनेश्वर यादव की हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामा के साथ मिलकर शव को लगाया ठिकाने
मृतक की मौत होने के बाद आरोपी घबरा गए। मुख्य आरोपी नोहर रात्रे ने अपने रिश्तेदार मामा श्रवण जांगड़े को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सभी ने मिलकर महानदी किनारे स्थित टापू में शव को दफना दिया ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिले।
पुलिस ने कार और मोबाइल किए जब्त
महासमुंद पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 322/2026 के तहत धारा 103(1), 238 और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार CG 04 PH 9996 तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में भारी चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।