आज़ादी के बाद पहली बार 10 दिनों में चार बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, किसान और आम जनता बेहाल — मोक्ष कुमार प्रधान

SARJU PRASAD SAHU

May 25, 2026

महासमुंद/बसना। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि महज 10 दिनों के भीतर चार बार पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी की गई है, जिससे किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग पूरी तरह परेशान हो चुका है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि सरकार लगातार आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ा रही है। महंगाई पहले ही लोगों की कमर तोड़ चुकी है और अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक दबाव बढ़ाने का काम कर रही है।

उन्होंने जारी आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 15 मई को पेट्रोल में ₹3.29 और डीजल में ₹3.11 की वृद्धि की गई। इसके बाद 19 मई को पेट्रोल 96 पैसे और डीजल 94 पैसे महंगा हुआ। वहीं 23 मई को पेट्रोल में 94 पैसे तथा डीजल में 95 पैसे की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद 25 मई को फिर पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा कर दिया गया।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि लगातार बढ़ रही कीमतों का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ रहा है। खेती-किसानी का अधिकांश काम डीजल पर आधारित है, लेकिन डीजल की कीमत बढ़ने से किसानों की लागत लगातार बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कई क्षेत्रों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत के कारण किसानों को घंटों भटकना पड़ रहा है, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं।

उन्होंने कहा कि परिवहन खर्च बढ़ने से खाद्य सामग्री, सब्जियों और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। गांव से लेकर शहर तक हर वर्ग महंगाई से त्रस्त है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।

कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार ने किसानों और गरीबों को पूरी तरह बर्बाद करने का मन बना लिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता अब सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में इस जनविरोधी नीति का जवाब देगी। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तत्काल कमी की जाए और किसानों व आम नागरिकों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द राहत नहीं देती है तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment