महासमुंद/बसना। बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने विभिन्न प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि देश के लाखों छात्र और युवा निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की उम्मीद रखते हैं, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाओं से उनकी मेहनत और भविष्य प्रभावित हो रहा है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि यदि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर लगातार प्रश्नचिह्न लग रहे हैं, तो इसकी जवाबदेही तय होना आवश्यक है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की और कहा कि सरकार को दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके सपनों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। सरकार का दायित्व है कि भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं को पूरी तरह सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि मेहनती छात्रों का विश्वास व्यवस्था पर बना रहे।
मोक्ष कुमार प्रधान ने मांग की कि पेपर लीक जैसी घटनाओं की समयबद्ध जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपने शिक्षा एवं रोजगार संबंधी अधिकारों की आवाज बुलंद करने की अपील करते हुए कहा कि देश में ईमानदार, विश्वसनीय और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना समय की मांग है।