नौकरी दिलाने के बहाने सामूहिक दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाकर ₹3 लाख की उगाही की साजिश का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

TEKRAM KOSLE

June 28, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

कसडोल | 28 जून 2026
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर सामूहिक दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाकर तीन लाख रुपये की अवैध उगाही (ब्लैकमेलिंग) करने वाले पांच सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त महिंद्रा थार वाहन और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में थाना कसडोल पुलिस ने निष्पक्ष एवं गहन जांच करते हुए इस पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने ग्राम के सरपंच और बीडीसी सदस्य को गंभीर आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी देकर तीन लाख रुपये की अवैध वसूली की योजना बनाई थी।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को एक युवती ने थाना कसडोल में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि थाना क्षेत्र के एक ग्राम के सरपंच एवं बीडीसी ने नौकरी लगाने का झांसा देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विस्तृत जांच शुरू की।
पूछताछ में सामने आई सच्चाई
जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता से विस्तार से पूछताछ की। पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया कि उसके साथ किसी प्रकार की दुष्कर्म की घटना नहीं हुई थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि उसकी सहेली पूनम, भागवत थवाईत और अन्य साथियों ने मिलकर एक सुनियोजित साजिश रची थी। योजना के तहत सरपंच और बीडीसी को झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी जानी थी और बदले में उनसे तीन लाख रुपये की अवैध उगाही की जानी थी। शिकायतकर्ता को इस साजिश में मोहरे के रूप में इस्तेमाल करते हुए झूठा आवेदन तैयार कराया गया था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
साक्ष्यों और जांच के आधार पर थाना कसडोल में अपराध क्रमांक 260/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 308(6), 217, 248(ख), 61(2)(a) एवं 45 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर गिरोह के सभी पांच आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद 28 जून 2026 को सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी
भागवत थवाईत (27 वर्ष), निवासी ग्राम कटगी, थाना कसडोल
दीपक थवाईत (18 वर्ष), निवासी ग्राम कटगी, थाना कसडोल
शिवा चेलक (19 वर्ष), निवासी ग्राम कटगी, थाना कसडोल
विजय शंकर (40 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 12, लवन, थाना लवन
पूनम (18 वर्ष), निवासी ग्राम सुकली, चौकी गिरोधपुरी, थाना गिधौरी
जब्त सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न सामग्री जब्त की है—
महिंद्रा थार वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर CG 04 PV 9211)
घटना में प्रयुक्त 3 मोबाइल फोन
पुलिस की अपील
कसडोल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की झूठी शिकायत, ब्लैकमेलिंग अथवा अवैध उगाही जैसी गतिविधियों में शामिल होने से बचें। ऐसे मामलों में पुलिस निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी।

संपादक { समाचार }

Share this content:

Leave a Comment