भूविस्थापित युवाओं को रोजगार नहीं मिला तो होगी शिकायत एसईसीएल गेवरा प्रबंधन पर गंभीर आरोप – प्रभासिंह तंव

TEJASWI NATH SONI

December 22, 2025

कोरबा, जिले के एसईसीएल गेवरा क्षेत्र अंतर्गत भूविस्थापित ग्रामों के बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं दिए जाने का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। जिला महिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) कोरबा की जिलाध्यक्ष एवं पूर्व सभापति जनपद पंचायत कटघोरा श्रीमती प्रभासिंह तंवर ने एसईसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ा रुख अपनाया है।

श्रीमती तंवर ने कहा कि गेवरा क्षेत्र में खनन परियोजनाओं के कारण विस्थापित हुए छोटे खातेदार परिवारों के बेरोजगार युवाओं को वैकल्पिक रोजगार देने का आश्वासन प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन द्वारा पहले ही दिया जा चुका है। इस संबंध में कलेक्टर, जनप्रतिनिधियों और एसईसीएल अधिकारियों की बैठक में भी स्पष्ट निर्णय लिया गया था कि रोजगार से वंचित मूल निवासियों को एसईसीएल के अधीन कार्यरत कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद कई पात्र युवाओं को आज तक रोजगार नहीं दिया गया, जबकि उनके द्वारा विधिवत आवेदन भी प्रस्तुत किए जा चुके हैं। यह स्थिति न केवल प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है, बल्कि भूविस्थापित परिवारों के साथ अन्याय भी है।

श्रीमती तंवर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिवस के भीतर भूविस्थापित बेरोजगार युवाओं को एसईसीएल से संबद्ध कंपनियों में रोजगार नहीं दिया गया, तो वे संबंधित अधिकारियों और एसईसीएल प्रबंधन के विरुद्ध औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी एसईसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन की होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी भूविस्थापितों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी जरूरत पड़ी तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment