बसना-पिथौरा में बढ़ती चोरी व कथित सट्टा-जुआ पर कांग्रेस का हमला, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

SARJU SAHU

July 10, 2026

महासमुंद/बसना। बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने बसना और पिथौरा क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं तथा कथित रूप से संचालित अवैध सट्टा-जुआ के कारोबार को लेकर राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर होती नजर आ रही है, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों की मेहनत की कमाई और संपत्ति सुरक्षित नहीं रह गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि क्षेत्र में कथित रूप से अवैध सट्टा और जुए का कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है, जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और युवाओं का भविष्य भी दांव पर लग रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि इन गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक एवं जिला प्रशासन से मांग की कि बसना और पिथौरा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा किया जाए तथा अवैध सट्टा-जुआ के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।

उन्होंने प्रशासन से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर बसना-पिथौरा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम करने की मांग की।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment