कलेक्टर ने अटल डिजिटल सुविधा केन्द्रों का किया निरीक्षण, e-KYC सहित सभी सेवाएं देने के निर्देश

TEJASWI NATH SONI

April 23, 2026

बलौदाबाजार, 23 अप्रैल 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने योजनाओं के क्रियान्वयन और आम नागरिकों तक सेवाओं की पहुंच का जायजा लेने के लिए विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम पनगांव एवं लाहौद का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अटल डिजिटल सुविधा केन्द्रों का निरीक्षण कर उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली और ऑपरेटरों को e-KYC सहित सभी सुविधाएं प्रभावी रूप से प्रदान करने के निर्देश दिए।

📌 लाहौद में सुविधाओं का लिया जायजा

ग्राम लाहौद में नवनिर्मित भवन में संचालित केन्द्र का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन एवं अन्य सेवाओं की जानकारी ली। ऑपरेटर ने बताया कि केन्द्र में करीब 24 प्रकार की सेवाएं उपलब्ध हैं और वर्तमान में महतारी वंदन योजना के हितग्राही बड़ी संख्या में e-KYC के लिए पहुंच रहे हैं।

कलेक्टर ने बिजली बाधा से निपटने के लिए इन्वर्टर की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सरपंच एवं सचिव को निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने परिसर में सोखता गड्ढा निर्माण हेतु श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया।

📌 पनगांव में हितग्राहियों से बातचीत

ग्राम पनगांव में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने e-KYC कराने आई महिलाओं से चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि 15–20 मिनट में प्रक्रिया पूरी हो जाती है और इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता। ऑपरेटर ने जानकारी दी कि लगभग 40% हितग्राहियों का e-KYC पूरा हो चुका है, शेष कार्य 15 दिनों में पूर्ण कर लिया जाएगा।

📊 जिले में 25 केन्द्र संचालित

बताया गया कि जिले में कुल 26 अटल डिजिटल सेवा केन्द्रों की स्वीकृति मिली है, जिनमें से 25 केन्द्र वर्तमान में संचालित हैं। ये केन्द्र ग्रामीणों को बैंकिंग, प्रमाण पत्र, e-KYC और अन्य डिजिटल सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

📌 अन्य व्यवस्थाओं की भी ली जानकारी

दौरे के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से आंगनबाड़ी केन्द्र एवं पीडीएस दुकान के संचालन संबंधी जानकारी भी ली।

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, एसडीएम प्रकाश कोरी, सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment