आकाशीय बिजली गिरने से घर में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक, एक महिला झुलसी

BIRENDRA KUMAR SEN

May 16, 2026

महासमुंद में आकाशीय बिजली गिरने से घर में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक, एक महिला झुलसी

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक बेहद दर्दनाक और डराने देने वाला हादसा सामने आया है। जिले के बागबाहरा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम बाघामुड़ा में तड़के सुबह आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से एक रिहायशी मकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में पीड़ित परिवार का लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया है, वहीं घर की एक महिला मलबे और आग की चपेट में आने से झुलस गई है।

​मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4 बजे का है जब पूरा परिवार सो रहा था। अचानक तेज गरज-चमक के साथ प्रज्ञानंद देवांगन के घर पर आकाशीय बिजली आ गिरी। बिजली गिरते ही घर में चंद मिनटों के भीतर भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज और भयावह थीं कि देखते ही देखते पूरा मकान मलबे के ढेर में तब्दील हो गया।

​पीड़ित प्रज्ञानंद देवांगन घर से ही बैग बनाने का व्यवसाय संचालित करते थे। इस अग्निकांड में बैग बनाने का पूरा कच्चा माल, मशीनें, घर में खड़ी मोटरसाइकिल और सारा घरेलू सामान पूरी तरह जल गया है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, पीड़ित परिवार को 8 से 10 लाख रुपए का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

​जिस वक्त यह हादसा हुआ, घर में कुल 5 लोग मौजूद थे। गनीमत रही कि आग की भयावहता को भांपते हुए परिवार के सदस्यों ने तुरंत बाहर भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। हालांकि, इस अफरा-तफरी में प्रज्ञानंद की पत्नी नंदनी देवांगन आग की चपेट में आने से झुलस गईं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार किया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

​आग की ऊंची लपटें देखकर गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे की दरकार है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment