
रिपोर्टर टेकराम कोसले
- टुंड्रा कुम्हारी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम 2026 में न्यू ऑक्सफोर्ड इंग्लिश स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा लिशा पटेल ने शानदार सफलता अर्जित करते हुए 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे क्षेत्र में अव्वल स्थान हासिल किया है। लिशा पटेल, शिक्षक श्री राम कुमार पटेल की सुपुत्री हैं और शुरू से ही अपनी मेधावी प्रतिभा के लिए जानी जाती रही हैं।
लिशा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। अपनी सफलता पर लिशा पटेल ने इसका श्रेय अपने स्कूल, शिक्षकों और परिजनों को दिया है, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
आईएएस बनने का सपना, रोजाना 8 घंटे करती हैं पढ़ाई
लिशा पटेल का सपना भविष्य में आईएएस अधिकारी बनकर देश सेवा करना है। इसके लिए वह प्रतिदिन लगभग 8 घंटे नियमित अध्ययन करती हैं। पढ़ाई के साथ-साथ लिशा की रुचि संगीत और नृत्य में भी विशेष रूप से है, जिसमें उन्हें विद्यालय और परिवार का पूरा सहयोग मिलता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था विधायक संग डांस वीडियो
विगत दिनों आयोजित एक स्कूली कार्यक्रम में लिशा पटेल के अनुरोध पर क्षेत्रीय विधायक कविता प्राण लहरे मंच पर उनके साथ डांस करने से स्वयं को रोक नहीं पाईं थीं। यह खूबसूरत पल सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिससे लिशा पहले ही क्षेत्र में चर्चा का विषय बन चुकी थीं।
विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों ने दी बधाई
लिशा पटेल की इस सफलता पर न्यू ऑक्सफोर्ड इंग्लिश स्कूल के डायरेक्टर श्री राज प्रधान, मोनिका मैम, ज्योति प्रधान, वर्षा जॉन, हरिचंद रात्रे, पूजा कर्ष, पिंकी कर्ष, विजेता सोनी, रोशनी बघेल, ज्योति जॉन, मनोरमा पटेल एवं समस्त स्टाफ ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा श्री पुलस्त्य घृतलहरे, श्री मोतीराम साहू, श्री राम कुमार पटेल, श्री देवनाथ प्रधान, राकेश पटेल एवं श्री दुशासन प्रधान सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी लिशा की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
क्षेत्र के लिए प्रेरणा बनीं लिशा पटेल
लिशा पटेल की सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। उनकी मेहनत, अनुशासन और बहुमुखी प्रतिभा यह साबित करती है कि समर्पण और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
लिशा पटेल की इस ऐतिहासिक सफलता पर पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।