सोनाखान। बलौदाबाजार जिले के वनांचल क्षेत्र सोनाखान सहित बार, नवापारा, कोठारी, देवपुर, अर्जुनी और आसपास के इलाकों में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लगातार हो रही जनहानि और वन विभाग की कथित लापरवाही को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने मीडिया को बताया कि क्षेत्र के ग्रामीण आए दिन जंगली जानवरों के हमलों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में दोन्द निवासी जरहू राम की हाथी के हमले में मौत हो गई, जबकि गजराडीह निवासी देवेंद्र साहू की वनभैंसा के हमले से जान चली गई। वहीं मुरुमडीह निवासी पंच बाई गोंड गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
युधिष्ठिर नायक ने आरोप लगाया कि इन घटनाओं के बावजूद शासन-प्रशासन और वन विभाग कोई स्थायी एवं प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग सुबह-शाम घर से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से केवल औपचारिक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही अप्रिय घटनाओं और वन विभाग के उदासीन रवैये को देखते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान आंदोलन की तैयारी कर रही है। जल्द ही गिधौरी, टुंडरा, गिरौदपुरी, सोनाखान, नवागांव, बार, बया, थरगांव और राजादेवरी सहित विभिन्न क्षेत्रों के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ वन विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस ने मांग की है कि जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए वन विभाग तत्काल ठोस और स्थायी उपाय करे, अन्यथा जनआक्रोश को देखते हुए आंदोलन और तेज किया जाएगा।