भाजपा सरकार किसान विरोधी, खाद-बीज के लिए परेशान हो रहे अन्नदाता: युधिष्ठिर नायक
सोनाखान। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे पूरी तरह से किसान विरोधी सरकार करार दिया है। उन्होंने कहा कि हमारा देश गांवों का देश है, जहाँ किसान और मजदूर निवास करते हैं। छत्तीसगढ़ को ‘धान का कटोरा’ कहा जाता है, लेकिन आज इसी छत्तीसगढ़ के किसानों को भाजपा शासनकाल में कदम-कदम पर भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ब्लॉक अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने बताया कि किसानों ने खरीफ फसल की तैयारियां शुरू कर दी हैं। खेती के शुरुआती चरण में खेतों की जुताई के लिए डीजल की भारी आवश्यकता होती है, लेकिन सरकार डीजल की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। इसके साथ ही, सीजन की शुरुआत में ही बीज और खाद उपलब्ध कराने के मामले में भी सरकार पीछे हटती नजर आ रही है।
सरकार की लचर व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी से यूरिया खाद के लिए मारामारी शुरू हो गई है। खाद वितरण की प्रक्रिया को अत्यंत जटिल बना दिया गया है। खाद लेने के लिए किसानों से पहचान पत्र मांगे जा रहे हैं और फिंगरप्रिंट (बायोमेट्रिक) लिया जा रहा है। ऐसे में ‘सर्वर डाउन’ होने का हवाला देकर दूर-दराज से आए गरीब किसानों को दिन-भर कतारों में खड़ा रखकर परेशान किया जा रहा है।
नायक ने पूर्व की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है; इससे पहले भी रकबा संशोधन के नाम पर किसानों को हफ्तों दफ्तरों के चक्कर कटवाए गए और धान खरीदी के दौरान भी सोसायटियों में अन्नदाताओं को जमकर परेशान किया गया।
किसानों के मुद्दों के साथ-साथ ब्लॉक अध्यक्ष ने कमरतोड़ महंगाई पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आज एलपीजी गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और रसोई के सामान की कीमतें आसमान छू रही हैं। डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिससे हर जरूरत की वस्तु आने वाले दिनों में और अधिक महंगी हो जाएगी।
”यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। चाहे किसान हो या मजदूर, भाजपा की नीतियों से हर वर्ग त्रस्त है। कांग्रेस पार्टी किसानों और मजदूरों के हितों के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई जारी रखेगी।”
— युधिष्ठिर नायक, अध्यक्ष – ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, सोनाखान