सावन के दूसरे सोमवार निकलेगी ऐतिहासिक एवं भव्य कांवड़ यात्रा, जोंकेश्वर नदी सांकरा से रणेश्वर बाबा मंदिर गढ़फुलझर तक उमड़ेगा आस्था का सैलाब-मोक्ष कुमार प्रधान

SARJU PRASAD SAHU

August 5, 2026

10 अगस्त को पहली बार समाज के तत्वावधान में होगा आयोजन, हजारों शिवभक्त करेंगे जलाभिषेक; मोक्ष कुमार प्रधान ने अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की

महासमुंद/बसना। सावन माह के दूसरे सोमवार 10 अगस्त 2026 को बसना विधानसभा क्षेत्र भगवान शिव की भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आएगा। जोंकेश्वर महादेव, जोंक नदी सांकरा से श्री रणेश्वर बाबा महादेव मंदिर, गढ़फुलझर तक ऐतिहासिक एवं भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। इस धार्मिक आयोजन में बसना, पिथौरा, सांकरा सहित आसपास के गांवों से हजारों शिवभक्त “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष के साथ शामिल होकर जोंक नदी से पवित्र जल लेकर भगवान रणेश्वर महादेव का जलाभिषेक करेंगे।

बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने बताया कि इस वर्ष पहली बार समाज के तत्वावधान में इस कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसे अत्यंत भव्य, विशाल और श्रद्धामय स्वरूप देने की तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान पूरा मार्ग शिवभक्ति, भजन-कीर्तन, डमरू की गूंज और भक्तों के उत्साह से गुंजायमान रहेगा।

उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा सांकरा, भगतदेवरी, सलडीह और बरेली होते हुए गढ़फुलझर पहुंचेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे मार्ग में चाय, नाश्ता, शीतल पेयजल, भोजन, प्राथमिक उपचार और विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि सावन का पवित्र महीना भगवान शिव की आराधना का सर्वोत्तम अवसर माना जाता है। कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे, सेवा और सनातन संस्कृति का जीवंत प्रतीक है। इस आयोजन में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे बढ़-चढ़कर भाग लेकर समाज में धार्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का संदेश देंगे।

उन्होंने बाबा विशासनाथ कुल कोलता समाज आंचलिक सभा पिथौरा के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज द्वारा इस आयोजन की उत्कृष्ट तैयारियां की गई हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के साथ-साथ समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं।

जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने क्षेत्र के सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस पावन कांवड़ यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भोलेनाथ की कृपा से यह यात्रा पूरे क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का संदेश लेकर आएगी तथा धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का नया उदाहरण बनेगी। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के साथ यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में अपनी विशेष पहचान बनाएगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment