नल के पानी को लेकर विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट, निष्पक्ष जांच की मांग तेज पीड़ित पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

TEJASWI NATH SONI

June 23, 2026

मुंगेली, जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरगांव में 14 जून 2026 की रात्रि नल के पानी को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिली है। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बिरगांव में पानी भरने को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ युवकों की भीड़ ने दूसरे पक्ष के लोगों के साथ उनके घर और गली में मारपीट की, जिससे एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया तथा पीड़ित परिवार द्वारा जरहागांव थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए कड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए थी, लेकिन पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज एवं धमकी जैसे सामान्य प्रकरण दर्ज किए। साथ ही आरोप लगाया गया है कि मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई।

वहीं दूसरे पक्ष द्वारा भी थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए छेड़छाड़ सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित पक्ष का दावा है कि जिन युवकों के विरुद्ध शिकायत दर्ज की गई है, वे घटना के समय गांव में मौजूद ही नहीं थे तथा उनके पास इसके समर्थन में सीसीटीवी सहित अन्य साक्ष्य उपलब्ध हैं।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment