बलौदाबाजार, 28 दिसम्बर 2025/ पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में साइबर सेल एवं थाना पलारी पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध गांजा तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर 27 दिसम्बर 2025 को पुलिस टीम ने ग्राम अमेरा से छेरकापुर जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी कर स्कूटी से गांजा की तस्करी एवं बिक्री की फिराक में लगे दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।
पुलिस द्वारा स्कूटी व आरोपियों की विधिवत तलाशी लेने पर एक थैले में अलग-अलग पैकेटों में भरा हुआ 2.004 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 16,000 रुपये आंकी गई है। साथ ही गांजा तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG22 AE 5734 को भी जब्त किया गया।
इस संबंध में थाना पलारी में अपराध क्रमांक 544/2025, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी :
विशाल साहू (19 वर्ष), निवासी रामसागर तालाब के पास, बलौदाबाजार, थाना सिटी कोतवाली
एक विधि से संघर्षरत बालक
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसी गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।