95.6 प्रतिशत अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र और विद्यालय का मान
भाटापारा। आधारशिला सीनियर सेकेंडरी स्कूल बीजभाट, भाटापारा के विद्यार्थियों ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया।
विद्यालय के मेधावी छात्र जतिन वर्मा ने विज्ञान संकाय में 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बलौदाबाजार जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। इस शानदार उपलब्धि से परिवार, विद्यालय एवं पूरे क्षेत्र में गौरव का वातावरण है।
जतिन वर्मा ग्राम दावनबोड़ निवासी हैं। उनके पिता का नाम छमेश कुमार वर्मा तथा माता का नाम श्रीमती कौशिल्या वर्मा है। उनकी इस सफलता पर परिजनों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त किया है।
विद्यालय के प्राचार्य ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।