बलौदाबाजार–भाटापारा पुलिस का नया अभियान, “त्रिनयन” शिकायत हेल्पलाइन जारी यातायात नियमों के उल्लंघन पर अब आमजन भी बनेंगे पुलिस के सहयोगी

TEJASWI NATH SONI

January 6, 2026

बलौदाबाजार–भाटापारा, 06 जनवरी 2026/
जिले में सुगम, सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बलौदाबाजार–भाटापारा पुलिस द्वारा एक नई पहल की शुरुआत की गई है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में “त्रिनयन” शिकायत हेल्पलाइन नंबर 94792 26641 जारी किया गया है, जिसके माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान के अंतर्गत अब आम नागरिक भी यातायात नियमों के पालन में पुलिस के सक्रिय सहयोगी बन सकेंगे। यदि कोई वाहन चालक तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, गलत दिशा में वाहन चलाना, ओवरलोडिंग या अन्य किसी भी प्रकार का यातायात उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उसका फोटो या वीडियो बनाकर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा जा सकता है।

पुलिस द्वारा हेल्पलाइन पर प्राप्त फोटो एवं वीडियो के आधार पर संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध त्वरित चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य न केवल नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है, बल्कि आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।

बलौदाबाजार–भाटापारा पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की जानकारी त्रिनयन शिकायत हेल्पलाइन पर साझा करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सभी के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी सतत रूप से जारी रहेगा और यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment