ग्रामीणों से किया आत्मीय संवाद, पीएम आवास और सामुदायिक भवन की मांग उठी
बसना। जनपद पंचायत बसना क्षेत्र के ग्राम देवरी में आयोजित अष्टप्रहरी संकीर्तन हरिनाम यज्ञ कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम बनकर उभरा। इस धार्मिक आयोजन में जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं क्षेत्र क्रमांक 21 अंकोरी के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा विशेष रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर श्री सिन्हा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रभु का आशीर्वाद लिया और भोग-भंडारे में शामिल होकर ग्रामीणों से आत्मीय भेंट-मुलाकात की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कीर्तन मंडलियों की भक्ति प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
अपने संबोधन में प्रकाश सिन्हा ने कहा कि कलयुग में हरि नाम ही सबसे बड़ा सहारा है। जहां सच्चे मन से संकीर्तन होता है, वहां सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।
इस दौरान ग्रामीणों ने उनसे पीएम आवास योजना और सामुदायिक भवन निर्माण की मांग भी रखी। इस पर सभापति ने आश्वस्त किया कि समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच सुरेश कोसरिया, समिति अध्यक्ष गिरधारी साव, उपाध्यक्ष माधव साव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।