सामाजिक कार्यकर्ता अनिता घृतलहरे को मिलेगा सावित्रीबाई फुले अवार्ड

SARJU PRASAD SAHU

June 27, 2026

डभरा। सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित कार्यों के लिए सामाजिक कार्यकर्ता अनिता घृतलहरे को सावित्रीबाई फुले अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान भारतीय दलित साहित्य अकादमी, छत्तीसगढ़ राज्य इकाई द्वारा 28 जून 2026 को संत गुरु कबीर साहेब जयंती के अवसर पर गोंडवाना भवन, धमतरी में आयोजित सम्मान समारोह में प्रदान किया जाएगा।

अनिता घृतलहरे लंबे समय से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ लगातार आवाज बुलंद की है। नशामुक्ति अभियान के तहत कई जागरूकता रैलियों का आयोजन करने के साथ-साथ दहेज प्रथा, बाल विवाह और जेंडर समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरण कार्यक्रम संचालित किए हैं।

इसके अलावा उन्होंने बंधुआ मजदूरों को मुक्त कराकर सुरक्षित उनके गृह ग्राम पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ब्यूटी पार्लर, सिलाई प्रशिक्षण, मशरूम उत्पादन, साबुन, सर्फ एवं मोमबत्ती निर्माण जैसे कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन कराया। कई पारिवारिक विवादों में आपसी समझौता कराकर परिवारों को टूटने से बचाने का भी सराहनीय प्रयास किया।

पर्यावरण संरक्षण एवं जल जीवन के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ कुष्ठ प्रभावितों और दिव्यांगजनों के लिए भी कौशल विकास प्रशिक्षण की व्यवस्था कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

उनके इन उत्कृष्ट सामाजिक योगदानों को देखते हुए भारतीय दलित साहित्य अकादमी, छत्तीसगढ़ राज्य इकाई ने उन्हें सावित्रीबाई फुले अवार्ड से सम्मानित करने का निर्णय लिया है। उनके सम्मान की घोषणा से क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment