पलारी से कसडोल तक खेतों में गिरी धान की फसल, कटाई और खरीदी प्रभावित होने का डर; 15 दिन तक बढ़ सकती है देरी, खरीदी की मियाद बढ़ाने की मांग
बलौदाबाजार। छह महीने तक खेतों में पसीना बहाकर तैयार की गई धान की फसल पर बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पलारी, बलौदाबाजार, भाटापारा, सिमगा और कसडोल क्षेत्र में कहीं पककर तैयार धान खेतों में गिर रही है तो कहीं पानी भरने से हार्वेस्टर के पहिए थम गए हैं। जिस फसल से किसानों को कर्ज चुकाने और परिवार की जरूरतें पूरी करने की उम्मीद थी, अब उसी को बचाने की जद्दोजहद शुरू हो गई है।
खेतों में पानी, कटाई पर ब्रेक
कल से लगातार बारिश से खेतों में नमी बढ़ गई है। गीली जमीन पर हार्वेस्टर चलाना मुश्किल हो रहा है। मौसम साफ होने के बाद भी खेतों को सूखने में समय लग सकता है। ऐसे में धान कटाई में 10 से 15 दिन तक की देरी की आशंका है। वहीं खेतों में गिरी फसल और अधिक नमी से धान की गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा भी बना हुआ है।
खरीदी की मियाद बढ़ाने की उम्मीद
15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के बीच बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कटाई, मिंजाई और परिवहन में देरी हुई तो किसान समय पर खरीदी केंद्रों तक उपज नहीं पहुंचा पाएंगे। ऐसे में किसानों की मांग है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए धान खरीदी की अवधि बढ़ाई जाए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के खरीदी की अवधि बढ़ाने पर विचार के आश्वासन से भी किसानों को उम्मीद है।
प्रशासन से सर्वे और राहत की मांग
किसानों की परेशानी को देखते हुए प्रभावित गांवों में फसल नुकसान का सर्वे, खरीदी केंद्रों में धान की सुरक्षा और जरूरतमंद किसानों को राहत देने की व्यवस्था जरूरी है। कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को मिलने वाली आदान सहायता के साथ समय पर फसल खरीदी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। किसानों की एक ही आस है—मौसम खुले, खेत सूखें और छह महीने की मेहनत का धान सुरक्षित घर पहुंचे।


