महासमुंद पुलिस का ऑपरेशन निश्चय: 80 किलो गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड मध्यप्रदेश से गिरफ्तार, ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक फैले नेटवर्क का खुलासा

SARJU PRASAAD SAHU

November 20, 2026

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 80.400 किलो गांजा तस्करी के मामले में गांजा मंगाने वाले मुख्य आरोपी एवं कथित मास्टरमाइंड शुभम शिवहरे को मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लाया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए मध्यप्रदेश तक फैले गांजा तस्करी नेटवर्क की अहम कड़ी का पता लगाया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 159/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(C), 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज है। इस प्रकरण में पुलिस ने गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोत, परिवहनकर्ताओं और गांजा मंगाने वाले व्यक्ति तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क की जांच की है।

टेमरी जांच नाका में पकड़ी गई थी 80 किलो गांजे की खेप

मामले की शुरुआत 23 सितंबर 2026 को हुई, जब थाना कोमाखान पुलिस को एनएच-353 स्थित ग्राम टेमरी जांच नाका पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजे की तस्करी की जा रही है।

सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से कुल 80.400 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 40 लाख 20 हजार रुपये बताई गई।

मौके से कार चालक अभिजीत डिगाल (23 वर्ष), निवासी रायकिया, जिला कंधमाल (ओडिशा) तथा महिला आरोपी जयश्री प्रधान (26 वर्ष), निवासी किलाकिया, जिला कंधमाल (ओडिशा) को गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपी गांजे की खेप ओडिशा से रायपुर की ओर लेकर जा रहे थे।

गांजा उपलब्ध कराने वाला मुख्य सोर्स भी हुआ था गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और जब्त मोबाइल फोन से प्राप्त डाटा के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य स्रोत आकाश कुमार नायक (27 वर्ष), निवासी गुन्धानी, थाना रायकिया, जिला कंधमाल (ओडिशा) को 12 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया था।

इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए गांजा मंगाने वाले व्यक्ति और नेटवर्क के अंतिम गंतव्य तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों एवं डाटा एनालिसिस के आधार पर जांच जारी रखी।

मुरैना से गिरफ्तार हुआ गांजा तस्करी का कथित मास्टरमाइंड

लगातार विवेचना और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस को 17 नवंबर 2026 को बड़ी सफलता मिली। गांजा मंगाने वाले मुख्य आरोपी शुभम शिवहरे (29 वर्ष), पिता प्रमोद शिवहरे, निवासी केलारस, जिला मुरैना (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, शुभम शिवहरे इस पूरे मामले में गांजा मंगाने वाला मुख्य आरोपी है। गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लाया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।

48 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त

इस गांजा तस्करी प्रकरण में पुलिस द्वारा पूर्व में गांजा, वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 48 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

जब्त संपत्ति का विवरण:

  1.  80.400 किलो गांजा – 40,20,000 रुपये।
  2. 02 मोबाइल फोन – 20,000 रुपये।
  3. एक कार – 8,00,000 रुपये।

कुल जब्त संपत्ति – 48,40,000 रुपये।

अब तक गिरफ्तार आरोपी

  1.  गांजा मंगाने वाला:
  2.  शुभम शिवहरे (29 वर्ष), निवासी केलारस, जिला मुरैना, मध्यप्रदेश।
  3. . गांजा उपलब्ध कराने वाला:
  4. – आकाश कुमार नायक (27 वर्ष), निवासी गुन्धानी, जिला कंधमाल, ओडिशा।
  5.  गांजा परिवहनकर्ता:
  6.  अभिजीत डिगाल (23 वर्ष), निवासी रायकिया, जिला कंधमाल, ओडिशा।
  7.  जयश्री प्रधान (26 वर्ष), निवासी किलाकिया, जिला कंधमाल, ओडिशा।

सोर्स से डेस्टिनेशन तक नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई

महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई में गांजा तस्करी के नेटवर्क की तीन अहम कड़ियों पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोत, गांजा परिवहन करने वाले कैरियर और गांजा मंगाने वाले डेस्टिनेशन पॉइंट तक पहुंचकर जांच को आगे बढ़ाया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देशों के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही एंड-टू-एंड विवेचना और वित्तीय जांच के माध्यम से तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को उजागर करने का प्रयास किया जा रहा है।

महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई को गांजा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment