एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से क्षेत्र में शोक, प्रथम दृष्टया जहर सेवन की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बलौदाबाजार-भाटापारा, 20 नवंबर 2026। जिले के गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुकली में एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची। तीनों के शव घर के एक कमरे में मिले। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान युक्ति मानिकपुरी (28 वर्ष), पति संजय मानिकपुरी, उनके बेटे चिरंजीव मानिकपुरी (10 वर्ष) और दूसरे बच्चे दिव्यांश मानिकपुरी (करीब 5 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रथम दृष्टया जहर सेवन की आशंका
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की प्रारंभिक स्थिति में तीनों की मौत जहर सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, मृतिका के परिजनों और अन्य गवाहों से पूछताछ में महिला और उसके पति के बीच पारिवारिक कलह की बात भी सामने आई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने शुरू की मर्ग जांच
मामले में ग्राम सुकली निवासी चैनदास मानिकपुरी (50 वर्ष), पिता रुपदास की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। तीनों शवों का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले में जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।


