पलारी की तीन शिक्षिकाओं ने प्रदेश में लहराया परचम, 169 शिक्षकों के बीच मिला ‘नवदीप गुरु गौरव सम्मान

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

November 19, 2026

पलारी। मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण जब सम्मान बनकर मिलता है, तो उसका गौरव पूरे क्षेत्र को होता है। ऐसा ही कुछ पलारी ब्लॉक की तीन शिक्षिकाओं ने कर दिखाया है। सारंगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 में पलारी की तीन शिक्षिकाओं ने अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट कार्यों के दम पर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्हें ‘नवदीप गुरु गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

छत्तीसगढ़ शासन से मान्यता प्राप्त संस्था नवदीप शिक्षण सेवा समिति छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित इस समारोह में पलारी ब्लॉक की शिक्षिका कविता सरशीहा (शिक्षक), संध्या पैकरा (सहायक शिक्षक) एवं दुर्गा साहू (सहायक शिक्षक) को शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, बेहतर शैक्षणिक योगदान और समाजसेवा के लिए सम्मानित किया गया।

प्रदेश के 169 शिक्षकों के बीच मिली खास पहचान

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आयोजित इस गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पहुंचे कुल 169 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इतने बड़े राज्य स्तरीय आयोजन में पलारी ब्लॉक की तीन शिक्षिकाओं का सम्मानित होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। तीनों शिक्षिकाओं ने अपने कार्यों से यह साबित किया है कि समर्पण और मेहनत के साथ शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

तीन बेटियों की उपलब्धि से पलारी में खुशी

तीनों शिक्षिकाओं को मिले इस सम्मान की खबर से पलारी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों, सहकर्मियों, परिजनों और शुभचिंतकों ने इसे पूरे क्षेत्र की उपलब्धि बताते हुए हर्ष जताया है। लोगों का कहना है कि शिक्षकों का ऐसा सम्मान समाज में शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा पैदा करता है।पलारी की इन तीनों शिक्षिकाओं ने अपने उत्कृष्ट कार्यों से न केवल अपनी पहचान बनाई है, बल्कि पूरे विकासखंड को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment