सकरी में बाल दिवस की धूम: डीएवी स्कूल के बच्चों ने विज्ञान मॉडलों से दिखाई प्रतिभा

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

November 14, 2026

बाल मेले में खेलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, विषयगत प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच आई सामने

सकरी।14 नवंबर बाल दिवस के अवसर पर सकरी के डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में शनिवार  को उत्साह और उमंग का माहौल रहा। विद्यालय परिसर में कहीं बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम रही तो कहीं विज्ञान और विषयगत प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की प्रतिभा देखने को मिली। बच्चों ने विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान सहित विभिन्न विषयों पर आकर्षक मॉडल तैयार कर अपनी कल्पनाशीलता और ज्ञान का परिचय दिया। वहीं बाल मेले में खेलों और मनोरंजक गतिविधियों ने बच्चों के उत्साह को दोगुना कर दिया।

14 नवंबर को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उनके छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। विज्ञान एवं विषयगत प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि के रूप में शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, सकरी के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार अग्रवाल एवं शासकीय आईटीआई, सकरी की प्राचार्या श्रीमती रानू वर्मा उपस्थित रहीं।

विज्ञान मॉडलों से समझाए विषयों के सिद्धांत

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान सहित विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। बच्चों ने केवल मॉडल प्रदर्शित ही नहीं किए, बल्कि उनकी कार्यप्रणाली और उपयोगिता भी अतिथियों को विस्तार से समझाई। विद्यार्थियों की प्रस्तुति में विषयों की समझ, मेहनत और वैज्ञानिक दृष्टिकोण साफ नजर आया। मुख्य अतिथियों ने मॉडलों का अवलोकन कर बच्चों की रचनात्मकता और प्रयासों की सराहना की।

बाल मेले में खेलों और चित्रकला का आकर्षण

बाल दिवस पर विद्यालय परिसर में बाल मेले का आयोजन भी किया गया। इसमें बच्चों के लिए विभिन्न खेलों के जोन, चित्रकला प्रदर्शनी और मनोरंजक गतिविधियां रखी गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेलों और रचनात्मक गतिविधियों का आनंद लिया। बाल मेले ने बच्चों को पढ़ाई के साथ मनोरंजन और अपनी रुचि के अनुसार प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया।

शिक्षकों की प्रस्तुतियों ने भी बांधा समां

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य और मनमोहक नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने भी शानदार नृत्य प्रस्तुत कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। शिक्षकों की प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी खास बना दिया।

बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहन देना जरूरी : प्राचार्या

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा, रचनात्मकता और खुशियों को प्रोत्साहित करना हम सभी का दायित्व है। कार्यक्रम में बच्चों की भागीदारी और उत्साह ने पूरे विद्यालय परिसर को खुशियों से भर दिया। विज्ञान प्रदर्शनी ने जहां विद्यार्थियों को अपने ज्ञान को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करने का मंच दिया, वहीं बाल मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उनकी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर प्रदान किया। इस तरह बाल दिवस का आयोजन बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ सीखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का यादगार अवसर साबित हुआ।

 

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment