महासमुंद। 22 अक्टूबर 2026 मुख्यमंत्री जनदर्शन पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर महासमुंद जिले के सरायपाली स्थित झिलमिला चौक में कथित अवैध क्लीनिक के खिलाफ स्वास्थ्य, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। निरीक्षण के बाद क्लीनिक को सील कर दिया गया। इस दौरान अवधिपार (एक्सपायरी) दवाइयां और मरीजों के उपचार में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न चिकित्सकीय उपकरण भी जप्त किए गए।
प्राप्त शिकायत के अनुसार, झिलमिला चौक स्थित राकेश मेडिकल से संबद्ध होकर विनायक पणिग्रही द्वारा कथित तौर पर बिना वैध चिकित्सकीय डिग्री या आवश्यक प्रमाण-पत्र के क्लीनिक संचालित किया जा रहा था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह कुशवाहा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान क्लीनिक में चिकित्सकीय योग्यता से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही उपचार में इस्तेमाल की जा रही दवाइयों और उपकरणों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान एक्सपायरी दवाइयां और चिकित्सकीय उपकरण मिलने पर अधिकारियों ने इसकी सूचना सीएमएचओ को दी।
इसके बाद अनुविभागीय दंडाधिकारी सरायपाली के आदेश पर राजस्व और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार, नायब तहसीलदार, हल्का पटवारी और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर क्लीनिक को सील कर दिया गया। मामले में नर्सिंग होम एक्ट सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह कुशवाहा ने कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के इलाज करना और एक्सपायरी दवाइयों का इस्तेमाल करना जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी अनियमितताओं के खिलाफ जिले में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी और नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


