महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओडिशा से नशीली दवाएं लेकर आ रहे तीन तस्कर गिरफ्तार, प्रतिबंधित सिरप, इंजेक्शन और बाइक जब्त
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) को बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा के पदमपुर से सरायपाली नशीली दवाइयां (ड्रग्स) लेकर आ रहे तीन युवकों को छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर नाकेबंदी के दौरान रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप, नशीले इंजेक्शन, दो मोबाइल और तस्करी में प्रयुक्त बाइक समेत कुल ₹64,188 की संपत्ति जब्त की है।
सीमा पर सघन चेकिंग के दौरान धरे गए आरोपी
ANTF और थाना बलौदा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीमावर्ती राज्य ओडिशा से अवैध नशीली दवाओं की खेप सरायपाली क्षेत्र में खपाने की तैयारी है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने 6 अक्टूबर की रात करीब 8:25 बजे फॉरेस्ट नाका सिरपुर (अंतरराज्यीय सीमा) पर वाहनों की सघन जांच शुरू की।
इसी दौरान ओडिशा की ओर से एक मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 06 HC 7516) पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने संदेह के आधार पर उन्हें रोका और पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध रूप से परिवहन की जा रही प्रतिबंधित दवाओं की खेप बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- सुमीत बारीक (उम्र 20 वर्ष), निवासी विरेन्द्र नगर, सरायपाली
- दुर्गेश चौहान (उम्र 21 वर्ष), निवासी विरेन्द्र नगर, सरायपाली
- सुमीत कुमार पाणिग्राही (उम्र 18 वर्ष), निवासी झिलमिला
जब्त सामग्री व मशरूका:
- 13 नग प्रतिबंधित सिरप (Planojuf Syrup) – कीमत ₹2,448
- 79 नग प्रतिबंधित इंजेक्शन (Pentazocine Lactate) – कीमत ₹4,740
- एक मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 06 HC 7516) – कीमत लगभग ₹50,000
- 02 नग मोबाइल फोन – कीमत लगभग ₹7,000 (कुल जब्त मशरूका: ₹64,188)
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पूछताछ में आरोपियों ने उक्त नशीली दवाएं पदमपुर (ओडिशा) से खरीदकर सरायपाली क्षेत्र में खपाने के लिए लाना स्वीकार किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 67/2026, धारा 21(सी) एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले में ‘एंड-टू-एंड’ नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि सप्लायर और खरीददारों तक भी पहुंचा जा सके।