डभरा।
ग्राम पंचायत बरतुंगा के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01 में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की मंत्री लक्ष्मी देवी सिदार थीं। वहीं विधायक प्रतिनिधि मन्नू जयसवाल, ग्राम पंचायत बरतुंगा की सरपंच खगेश्वरी चंद्र, जेंडर बीआरपी अनिता घृतलहरे, हेमवती साहू, पंच उमेश्वरी यादव सहित स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, मितानिन, महिला समूह की सदस्य, अभिभावक, बच्चे एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राधिका साहू ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सुकन्या योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) भेजे जाने संबंधी जानकारी उपस्थित लोगों को दी।
पर्यवेक्षक डॉली बनर्जी ने महिला एवं बाल विकास विभाग की छह प्रमुख सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इनमें टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच और संदर्भ सेवाओं का क्रियान्वयन स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से किया जाता है। वहीं पूरक पोषण आहार, पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा तथा शाला पूर्व अनौपचारिक शिक्षा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं हितग्राहियों तक पहुंचाई जाती है।
कार्यक्रम में बताया गया कि पूरक पोषण आहार के तहत गर्भवती महिलाओं, शिशुओं, 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों, सामान्य एवं गंभीर कुपोषित बच्चों तथा 3 से 6 वर्ष के बच्चों को निर्धारित पोषण आहार उपलब्ध कराया जाता है। आंगनबाड़ी केंद्र आने वाले बच्चों को नाश्ता एवं गर्म भोजन भी दिया जाता है।
पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा गृहभेंट कर हितग्राहियों को पोषण पेटी, सुपोषण थाली, सुपोषण खिचड़ी और साफ-सफाई सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जाती है। वहीं 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को खेल-खेल के माध्यम से शाला पूर्व शिक्षा प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम के दौरान जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में लागू किए गए इंग्लिश मीडियम आंगनबाड़ी कॉन्सेप्ट की भी जानकारी दी गई। इसके तहत बच्चों को अंग्रेजी में परिचय देना, पोयम और एक्शन वर्ड सिखाने जैसी गतिविधियां कराई जाती हैं। उपस्थित अभिभावकों से अपील की गई कि छह वर्ष की आयु तक बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र भेजकर उन्हें प्रारंभिक शिक्षा एवं पोषण सेवाओं से जोड़ें।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन को सम्मानित किया गया। साथ ही गोद भराई एवं अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को चना, मूंगफली एवं मिक्चर का नाश्ता वितरित किया गया।
कार्यक्रम में रुक्मणी ध्रुव, रीना बंजारे, सावित्री साहू, किरण चंद्रा, सहायिका मूंगा खुंटे सहित महिला समूह की सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। उक्त जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता अमिलाल घृतलहरे ने न्यूज संवाददाता को दी।