कोमाखान–चौखड़ी के जंगल में जली पिकअप के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, हत्या या हादसे की जांच में जुटी पुलिस

BIRENDRA KUMAR SEN

September 30, 2026

कोमाखान–चौखड़ी के जंगल में जली पिकअप के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, हत्या या हादसे की जांच में जुटी पुलिस

कोमाखान (महासमुंद): महासमुंद जिले के कोमाखान थाना अंतर्गत कोमाखान–चौखड़ी मार्ग स्थित जंगल में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब झाड़ियों के बीच एक जली हुई पिकअप और उससे कुछ ही दूरी पर करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौखड़ी के पास घने जंगल में अशोक लीलैंड कंपनी की पिकअप (क्रमांक CG 04 PM 7800) संदिग्ध और लावारिस हालत में जली हुई मिली। आग की लपटों से वाहन का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका है, जबकि उसका एक दरवाजा खुला हुआ था।

जली हुई गाड़ी को देख जब ग्रामीणों ने आसपास का इलाका खंगाला, तो वाहन से थोड़ी ही दूरी पर झाड़ियों के बीच करीब 50 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। ग्रामीणों ने फौरन इसकी सूचना कोमाखान थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौका-मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए वाहन स्वामी का पता लगाया जा रहा है, साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

मामले में जांच जारी है: कोमाखान थाना प्रभारी मुकेश सोरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। जंगल में एक जली हुई पिकअप और पास ही एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए मामला पूरी तरह संदिग्ध नजर आ रहा है। जंगल में वाहन कैसे जला और व्यक्ति की मौत किन हालात में हुई—यह हत्या है, कोई हादसा या कुछ और—इसका वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस विवेचना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment