कोमाखान में 80.400 किलो गांजा जब्त, कार सवार दो तस्कर गिरफ्तार; 48.40 लाख की संपत्ति जब्त

SARJU SAHU

September 24, 2026

महासमुंद। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत अंतर्राज्यीय सीमा पर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोमाखान थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने ग्राम टेमरी एनएच-353 जांच नाका पर कार्रवाई करते हुए कार से 80.400 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 40 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, दो मोबाइल और कार समेत कुल 48 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि एक महिला और पुरुष कार में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर कोमाखान पुलिस ने एनएच-353 स्थित ग्राम टेमरी जांच नाका पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रोककर जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम अभिजीत डिगाल (23), निवासी रायकिया, जिला कंधमाल, ओडिशा बताया, जबकि उसके साथ बैठी महिला ने अपना नाम जयश्री प्रधान (26), निवासी किलाकिया, थाना सारंगढ़, जिला कंधमाल, ओडिशा बताया। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा कंधमाल से रायपुर ले जाने की बात पुलिस को बताई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 159/2026, धारा 20(B)(II)(C), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

जब्त संपत्ति

  1. 80.400 किलो गांजा — कीमत 40.20 लाख रुपये
  2. 2 मोबाइल — कीमत 20 हजार रुपये
  3. कार क्रमांक DL 2C AX 0153 — कीमत 8 लाख रुपये
  4. कुल जब्ती — 48 लाख 40 हजार रुपये

पुलिस के मुताबिक, अंतर्राज्यीय सीमा पर लगातार चेकिंग और सटीक सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई से गांजा तस्करी के इस प्रयास को नाकाम किया गया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment