लखनपुर तिराहे के पास अवैध महुआ शराब बेचते एक आरोपी गिरफ्तार, 10 लीटर शराब के साथ भेजा गया जेल
सिंघोड़ा / महासमुंद: महासमुंद जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिंघोड़ा पुलिस ने एक व्यक्ति को 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को आबकारी एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (18 सितंबर 2026) को थाना सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लखनपुर तिराहा के पास सड़क किनारे झोपड़ी में एक व्यक्ति महुआ शराब बेचने के उद्देश्य से ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
घेराबंदी कर पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम धनीराम भोई उर्फ अमर (58 वर्ष), निवासी दीवानपाली, थाना सिंघोड़ा बताया। गवाहों की मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखे एक पीले रंग के प्लास्टिक झोले से 10 लीटर अवैध हाथ भट्ठी देशी महुआ शराब बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 2,000 रुपये आंकी गई है।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने शराब को बिक्री के लिए रखना स्वीकार किया। पुलिस ने महुआ शराब को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी धनीराम भोई के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।