जांजगीर-चांपा। जनपद पंचायत नवागढ़ में 16वें वित्त आयोग की राशि के आवंटन को लेकर जनपद सदस्यों और पंचायत प्रशासन के बीच विवाद सामने आया है। जनपद सदस्यों ने अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) पर बिना निर्वाचित सदस्यों की सहमति के राशि का आवंटन करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर जांजगीर-चांपा को ज्ञापन सौंपा। सदस्यों ने 16वें वित्त की राशि को सभी जनपद क्षेत्रों में नियमानुसार समान रूप से वितरित करने तथा भविष्य में किसी भी मद की राशि का आवंटन जनपद सदस्यों की बैठक में सहमति के बाद करने की मांग की है।
बिना सहमति राशि आवंटित करने का आरोप
जनपद सदस्यों का आरोप है कि जनपद पंचायत को 16वें वित्त आयोग के तहत मिलने वाली विकास निधि का आवंटन सभी क्षेत्रों में समान रूप से नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि कुछ क्षेत्रों में राशि का आवंटन किया जा रहा है, जबकि अन्य निर्वाचित जनपद सदस्यों के क्षेत्रों को अपेक्षित विकास राशि नहीं मिल रही है।
सदस्यों ने इसे पंचायती राज व्यवस्था और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कलेक्टर से मामले की जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
सभी क्षेत्रों में समान राशि वितरण की मांग
जनपद सदस्यों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि 16वें वित्त आयोग से प्राप्त समस्त राशि को सभी जनपद क्षेत्रों में नियमानुसार समान रूप से वितरित किया जाए। इसके साथ ही भविष्य में किसी भी मद की राशि का आवंटन जनपद सदस्यों की बैठक में चर्चा और सर्वसम्मति के बाद ही किया जाए।
आंदोलन की दी चेतावनी
जनपद सदस्य हेमंत पैगवार ने कहा कि जनपद पंचायत किसी की निजी जागीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों की सहमति के बिना राशि का आवंटन किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर जनपद सदस्य चरणबद्ध आंदोलन करेंगे।
वहीं जनपद सदस्य राजकमल कश्यप ने कहा कि सभी 25 जनपद क्षेत्रों का समान रूप से विकास होना चाहिए। उन्होंने राशि आवंटन में भेदभाव का आरोप लगाते हुए मांग पूरी नहीं होने पर जनपद कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी।
जनपद सदस्या सीमा श्रीकांत ने महिला जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई मामलों में महिला सदस्यों की सहमति के बिना प्रस्ताव पारित किए जाने की शिकायत है। उन्होंने कहा कि मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो महिला जनपद सदस्य भी धरना देने के लिए बाध्य होंगी।
ये जनपद सदस्य रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान हेमंत पैगवार, अनीता सूर्यवंशी, सीमा श्रीकांत, वृहस्पति श्याम कश्यप, दुर्गा मोती पटेल, त्रिवेणी राजू कश्यप, सरोजनी यादव, रामसाय खूटे, राजकमल कश्यप सहित अन्य जनपद सदस्य उपस्थित रहे।