बलौदाबाजार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आगाज: सवा लाख दीपों से जगमगाएगी चौपाटी, जिले में 11 लाख दीये जलाने का लक्ष्य

BIRENDRA KUMAR SEN

September 16, 2026

बलौदाबाजार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आगाज: सवा लाख दीपों से जगमगाएगी चौपाटी, जिले में 11 लाख दीये जलाने का लक्ष्य

बलौदाबाजार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निर्बाध जनसेवा एवं समर्पण काल के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में माहव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ होगी। मुख्य जिला स्तरीय आयोजन स्थानीय चौपाटी पर होगा, जहां संध्या 7 बजे एक साथ सवा लाख दीये प्रज्ज्वलित कर ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

​कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव राय और नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने बुधवार को आयोजन स्थल का जायजा लेकर सुरक्षा, पार्किंग, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस जैसी चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के निर्देश दिए।

चौपाटी पर जलाशय के फुटपाथ को 20 सेक्टरों में बांटकर विभिन्न विभागों को दीप प्रज्ज्वलन की जिम्मेदारी दी गई है। कार्यक्रम में दोपहर 4 बजे से संगीतमय भजनों की प्रस्तुति होगी, जिसके बाद शाम 7 बजे मुख्य अतिथि की मौजूदगी में दीपोत्सव होगा।

प्रशासन ने पूरे जिले में 11 लाख दीये प्रज्ज्वलित करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। इसके तहत विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे। इसके अलावा सभी ग्राम पंचायतों, शासकीय भवनों और कार्यालयों में भी सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन होगा।

  • नमो सेवा (अनकही कहानियां): स्कूल-कॉलेजों में नुक्कड़ नाटकों के जरिए सेवा और समर्पण की प्रेरक कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी।
  • मेरे सपनों का भारत: राष्ट्रव्यापी चित्रकला और आलेख प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जाएगा।
  • आंगन मिलन सेवा (25 सितंबर से 7 अक्टूबर): आंगनबाड़ी केंद्रों में मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जागरूकता गतिविधियां होंगी।
  • सेवा ज्योति कलश यात्रा: 7 अक्टूबर को यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 29 सितंबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ अभियान चलेगा।
  • सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज (9 अक्टूबर): युवाओं को स्थानीय समस्याओं के नवाचार आधारित समाधान तलाशने के लिए मंच दिया जाएगा।
  • जल जन सेवा संकल्प: पूरे माह जल संरक्षण को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

​अभियान का औपचारिक समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा, जिसमें पंचायत से लेकर संसद तक की अवधारणा पर सुशासन और जनकल्याणकारी विषयों पर विमर्श कर सेवा संकल्प को दोहराया जाएगा।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment