देवपुर बीट में भालू का आतंक: जंगल गए दो ग्रामीणों पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पिथौरा रेफर
देवपुर / बलौदाबाजार वन परिक्षेत्र देवपुर के अंतर्गत बीट क्रमांक 298 में सुबह-सुबह भालू के हमले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। भालू के अचानक किए गए हमले में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 5 बजे की है। ग्राम कोसमसरा (बया) निवासी डमरू लाल यादव और कोसमसरा निवासी कमलेश बरिहा किसी काम से जंगल की ओर गए हुए थे। इसी दौरान बीट क्रमांक 298 में घात लगाए एक भालू ने अचानक दोनों पर हमला बोल दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों बुरी तरह जख्मी हो चुके थे।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग निकला। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पिथौरा रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का पिथौरा अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई। हमले के बाद से आसपास के गांवों में भारी दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए चेतावनी जारी की है कि तड़के सुबह या देर शाम कोई भी व्यक्ति जंगल की ओर न जाए। साथ ही बीट क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।