महासमुंद। बसना थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े अंतर-थाना नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर कुल 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहन बसना समेत सरायपाली, सांकरा, पिथौरा और पटेवा थाना क्षेत्रों से चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। बरामद मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को ग्राम खरोरा निवासी नरेश डडसेना की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 GD 0158 गढ़फुलझर स्थित यादव इलेक्ट्रिकल्स के पास से चोरी हो गई थी। इस संबंध में 11 अगस्त को थाना बसना में अपराध क्रमांक 429/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान 2 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति जगदीशपुर रोड पर चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान टिकेश्वर बाघ (37 वर्ष), निवासी ग्राम बम्हनी, थाना बसना के रूप में बताई और वाहन चोरी की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 10 अगस्त को गढ़फुलझर से एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ ही विभिन्न थाना क्षेत्रों से 11 अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करना भी स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम सावित्रीपुर स्थित एक निर्माणाधीन मकान से अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। आरोपी द्वारा छिपाकर रखी गई एक अन्य बाइक ग्राम बम्हनी से बरामद की गई। इस तरह पुलिस ने कुल 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
बरामद वाहनों में शामिल प्रमुख मोटरसाइकिलें
पुलिस ने पैशन प्रो, CT 100, HF डिलक्स, प्लेटिना, ड्रीम युगा, सुपर स्प्लेंडर, ग्लैमर, CD डिलक्स और हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस समेत कुल 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
गिरफ्तार आरोपी
टिकेश्वर बाघ पिता रहसो बाघ, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम बम्हनी, थाना बसना, जिला महासमुन्द।
बसना पुलिस की इस कार्रवाई से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सक्रिय वाहन चोरी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। एक चोरी की मोटरसाइकिल की जांच से शुरू हुई कार्रवाई पुलिस को आरोपी तक पहुंचाने में अहम सुराग साबित हुई। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। बरामद 12 मोटरसाइकिलों से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित मामलों की भी जांच की जा रही है।