डायल-112 की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, रात में घर छोड़कर निकली नाबालिग बालिका सुरक्षित परिजनों को सौंपी गई पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित अनहोनी टली, ग्रामीणों ने जताया आभार

TEJASWI NATH SONI

June 19, 2026

बलौदाबाजार-भाटापारा, 19 जून 2026। डायल-112 की तत्परता और संवेदनशील कार्यप्रणाली ने एक बार फिर मानवता और जनसेवा की मिसाल पेश की है। दरम्यानी रात घर से नाराज होकर निकली एक नाबालिग बालिका को पुलिस ने सकुशल खोजकर उसके परिजनों को सौंप दिया, जिससे एक संभावित बड़ी अनहोनी टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 18-19 जून की मध्यरात्रि डायल-112 को सूचना मिली कि ग्राम सेल बस स्टैंड में एक नाबालिग बालिका अकेली एवं संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी हुई है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बालिका से संवेदनशीलता के साथ पूछताछ की।

पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह थाना गिधौरी क्षेत्र की रहने वाली है तथा घर में किसी बात को लेकर परिजनों से नाराज होकर रात में ही घर से निकल गई थी। वह नदी किनारे पैदल चलते हुए ग्राम सेल के बस स्टैंड तक पहुंच गई थी।

रात के अंधेरे में अकेली भटक रही नाबालिग बालिका किसी भी अप्रिय घटना या अपराध का शिकार हो सकती थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बालिका को समझाइश देकर सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और तत्काल उसके परिजनों से संपर्क किया।

इसके बाद ग्राम सरपंच एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में बालिका को विधिवत उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और डायल-112 टीम का आभार व्यक्त किया।

ग्राम सरपंच एवं ग्रामीणों ने भी पुलिस की त्वरित एवं मानवीय कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मिली सहायता से एक बड़ी घटना टल गई। डायल-112 की यह कार्रवाई आम जनता के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को दर्शाती है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, संदिग्ध गतिविधि या सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस आम जनता की सुरक्षा एवं सहायता के लिए 24 घंटे तत्पर है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment