पांचवें दिन भी रामभक्ति में सराबोर रहा अमोदी गांव, आसपास के गांवों से पहुंच रहे मानस प्रेमी और भजन मंडलियां
कटगी। ग्राम अमोदी में बीते 10 नवंबर 2026 से नौ दिवसीय अखंड नवधा रामायण का भक्तिमय आयोजन जारी है। आयोजन के पांचवें दिन भी पूरा गांव राममय वातावरण में डूबा नजर आया। नवधा भक्ति की अविरल गंगा में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। भगवान श्रीराम की कथा, भजन और मानस गान सुनने के लिए आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में रामायण प्रेमी एवं मानस मंडलियां पहुंच रही हैं।
इस धार्मिक आयोजन में डेराडीह, रामपुर, नवापारा, कटगी सहित आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं की विशेष सहभागिता देखने को मिल रही है। वहीं श्रद्धा मानस परिवार बिलासपुर, बलराम साहू मानस मंडली रतनपुर, महिला मानस मंडली महासमुंद, बिलाईगढ़, बसना एवं भटगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों की मानस गायन मंडलियां प्रतिदिन ग्राम अमोदी पहुंचकर अपनी संगीतमय प्रस्तुति दे रही हैं।
समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस नौ दिवसीय अखंड नवधा रामायण में आचार्य पंडित श्री राकेश चंद्रा द्विवेदी जी (रॉकी महाराज) के सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं। आयोजन में सभी यजमानों की भी महत्वपूर्ण सहभागिता है।
प्रतिदिन सुबह एवं शाम आरती के समय श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है। आरती के दौरान पूरा पंडाल महिला, पुरुषों, बच्चों एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति से खचाखच भर जाता है। श्रद्धालु भक्ति भाव से भगवान श्रीराम की आराधना कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
ग्राम अमोदी में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम न केवल आध्यात्मिक चेतना का संचार कर रहा है, बल्कि आसपास के गांवों के लोगों को भी भक्ति और सामाजिक एकता के सूत्र में बांध रहा है। उक्त जानकारी चंदराम यादव ने दी।


