प्रेस क्लब में वरिष्ठ पत्रकारों की गरिमामय उपस्थिति में हुआ लोकार्पण, पिता ने दिया यशस्वी भव का आशीर्वाद, जिले के लिए गौरव का क्षण बताया

बलौदाबाजार। साहित्य के क्षेत्र में बलौदाबाजार की प्रतिभा प्रियंक बाजपेयी ने अपने पहले उपन्यास ‘सनराइज एट मिस्टी ब्रिज’ के माध्यम से लेखकीय दुनिया में कदम रखा है। मंगलवार को बलौदाबाजार प्रेस क्लब में वरिष्ठ पत्रकारों की गरिमामय उपस्थिति में पुस्तक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर प्रियंक के पिता एवं सेवानिवृत्त लाइब्रेरियन प्रदीप बाजपेयी ने पुत्र की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें ‘यशस्वी भव’ का आशीर्वाद दिया। वहीं छोटे भाई मयंक बाजपेयी ने पुस्तक की सराहना करते हुए अधिक से अधिक पाठकों से इसे पढ़ने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष नरेश गनशानी ने प्रियंक की उपलब्धि को बलौदाबाजार जिले के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि जिले की प्रतिभाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। साहित्य के क्षेत्र में प्रियंक की यह शुरुआत निश्चित रूप से युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
मूलतः बलौदाबाजार निवासी प्रियंक की प्रारंभिक शिक्षा यहीं हुई। इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, माना, रायपुर से आगे की शिक्षा प्राप्त की। उनके पिता प्रदीप बाजपेयी गवर्नमेंट डीके कॉलेज में लाइब्रेरियन के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वर्तमान में प्रियंक एक अग्रणी निजी संस्थान से जुड़े हैं और पुणे में निवासरत हैं। पेशेवर अनुभव और कहानियों के प्रति गहरे लगाव का संगम उनके लेखन में दिखाई देता है। मानवीय संवेदनाएं, विपरीत परिस्थितियों में जीवन के प्रति अटूट आस्था, प्रकृति और संगीत उनके लेखन की प्रमुख प्रेरणाएं हैं।
बस्तर के जंगलों से गोवा के समुद्र तट तक फैली है कहानी
प्रियंक का पहला उपन्यास ‘सनराइज एट मिस्टी ब्रिज’ मिथक, आधुनिकता, प्रेम, पारिवारिक संवेदनाओं, रहस्य और रोमांच का अनूठा संगम है। इसकी कहानी 1990 के दशक के मध्य और उत्तरार्ध के बस्तर तथा वर्तमान समय के गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
उपन्यास का मुख्य पात्र अर्श राघव है, जो अपनी किशोरवय बेटी याशना के साथ रिश्तों को बचाने की कोशिश में एक असाधारण संघर्ष का हिस्सा बन जाता है। भारतीय नौसेना का पूर्व अधिकारी अर्श मनोवैज्ञानिक अनाइका से मिलता है और परामर्श सत्रों के दौरान अपने अतीत की परतें खोलता है। कहानी में उसके शिक्षक से पुलिस अधिकारी बनने, नक्सल प्रभावित बस्तर में सेवाएं देने, शास्त्रीय संगीतकार की बेटी राधा से प्रेम और परिस्थितियों के चलते बिछड़ने की घटनाएं सामने आती हैं।
कथा में चार हजार वर्ष पुराने शाप से बंधे अमर योद्धा अश्वत्थामा का प्रवेश इसे पौराणिक रहस्य और रोमांच से जोड़ता है। इसके साथ ही देश की सामरिक सुरक्षा को निशाना बनाने वाले षड्यंत्र और अर्श के सामने खड़ी चुनौतियां कहानी को रोमांचक मोड़ देती हैं। उपन्यास में पिता-पुत्री के भावनात्मक रिश्ते, प्रेम, प्रतिशोध, मनोवैज्ञानिक गहराई और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रम को रोचक ढंग से पिरोया गया है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार रामाधार पटेल, प्रेस क्लब अध्यक्ष नरेश गनशानी, उपाध्यक्ष दिलीप माहेश्वरी, सचिव दलजीत सिंह चावला, वरिष्ठ पत्रकार उमेश बाजपेयी, अभिषेक मिश्रा, तारा परसवानी, प्रभाकर मिश्रा, राघवेंद्र सिंह, राजेश्वर गिरी, निशांत श्रीवास्तव, आभाष शर्मा, विजय तिवारी, लंकेश्वर बघेल, श्रवण ध्रुव, मोहित मरकाम, शलभ बाजपेयी एवं शंकर दुलानी सहित अन्य उपस्थित रहे।


