खेल से युवाओं में अनुशासन, एकता और संघर्ष की भावना विकसित होती है — मोक्ष कुमार प्रधान
बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम साल्हेझरिया में आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आयोजक समिति की सराहना की।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, एकता, भाईचारा, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करता है। खेल में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन निरंतर मेहनत, लगन और खेल भावना ही एक अच्छे खिलाड़ी की पहचान होती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की। गांवों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और आपसी प्रेम, सद्भाव एवं सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है।
जिला पंचायत सदस्य ने युवाओं से शिक्षा के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं। खेल उन्हें सकारात्मक दिशा देने के साथ मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर मोक्ष कुमार प्रधान ने ग्राम साल्हेझरिया की आयोजक समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन होना चाहिए, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
उन्होंने ‘मोर जिला पंचायत, मोर गांव’ की भावना के अनुरूप ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं का हौसला बढ़ाने पर जोर दिया। अंत में उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्रामीण क्षेत्र के युवा अपनी मेहनत और लगन से गांव, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन करेंगे।