जिला परिवहन कार्यालय को मिला सर्वसुविधायुक्त नवीन भवन

TEKRAM KOSLE

October 5, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने किया नवनिर्मित जिला परिवहन कार्यालय भवन का लोकार्पण, सोनबरसा जंगल सफारी के लिए 4 नई जिप्सी सहित डेढ़ करोड़ के विकास कार्यों की मंजूरी
बलौदाबाजार, 5 अक्टूबर 2026। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले को परिवहन क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। ग्राम पंचायत परसाभदेर में 174.41 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त जिला परिवहन कार्यालय भवन का सोमवार को परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया। नवीन भवन के शुरू होने से जिले के नागरिकों को परिवहन संबंधी सेवाएं अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने सोनबरसा जंगल सफारी के लिए 4 नई जिप्सी उपलब्ध कराने तथा सौंदर्यीकरण एवं विभिन्न विकास कार्यों के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी। इससे क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय स्तर पर विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
नवीन भवन का किया गया निरीक्षण
लोकार्पण के पश्चात परिवहन मंत्री केदार कश्यप एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ नवनिर्मित जिला परिवहन कार्यालय भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और भवन निर्माण की गुणवत्ता का अवलोकन किया तथा आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जन आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के परिवहन कार्यालयों को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। आने वाले समय में परिवहन से संबंधित सेवाओं को अधिक से अधिक डिजिटल किया जाएगा, जिससे लोगों को कई कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी और घर बैठे सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी।
जिले में 2 लाख 14 हजार से अधिक वाहन पंजीकृत
परिवहन मंत्री ने बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में लगभग 2 लाख 14 हजार वाहन पंजीकृत हैं। बड़ी संख्या में वाहनों के संचालन को देखते हुए सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता आवश्यक है।
उन्होंने स्कूली बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने के विषय में अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिल सके।
उन्होंने राहवीर योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि दुर्घटना पीड़ितों को योजना के अंतर्गत डेढ़ लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
पैक्स में परिवहन सुविधा केंद्र से लोगों को लाभ
परिवहन मंत्री ने जिले के 5 पैक्स में परिवहन सुविधा केंद्र संचालित होने तथा अब तक 572 लर्निंग लाइसेंस जारी किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पैक्स को केवल धान खरीदी तक सीमित नहीं रखा जा रहा है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को अन्य आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
शीघ्र मिलेगी वाहन टेस्ट की सुविधा
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने नवीन जिला परिवहन कार्यालय भवन के निर्माण पर जिलेवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भवन स्वीकृति के करीब पौने दो साल के भीतर ही सर्वसुविधायुक्त कार्यालय का निर्माण पूरा होना महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि जिले में शीघ्र ही वाहन टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध होने जा रही है।
राजस्व मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शहर से लेकर गांव तक विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।
वाहन चालकों और बुजुर्गों को वितरित की गई सुविधाएं
कार्यक्रम के दौरान 5 वाहन स्वामियों को लाइसेंस, 5 लोगों को हेलमेट तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के 10 बुजुर्गों को निःशुल्क बस पास वितरित किए गए। इस पहल को सड़क सुरक्षा और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा से जोड़कर देखा गया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण
नवीन जिला परिवहन कार्यालय परिसर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। परिवहन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, प्रमोद शर्मा, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, अपर आयुक्त परिवहन डी. रविशंकर, मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मणीवासन, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी गौरव राय, डीएफओ पंकज कमल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

संपादक { समाचार }

Share this content:

Leave a Comment