मृत्यु के बाद भी मानव सेवा की मिसाल, शीला प्रधान ने लिया देहदान का संकल्प

SARJU SAHU

October 3, 2026

महासमुंद।

महासमुंद 3 अक्टूबर 2026 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित दान उत्सव के दौरान मानवता और परोपकार की प्रेरणादायी मिसाल सामने आई है। महासमुंद निवासी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग में पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत शीला प्रधान ने मृत्यु के बाद अपना शरीर चिकित्सा शिक्षा, शोध और मानव कल्याण के लिए दान करने का संकल्प लिया है। उन्होंने अपना देहदान घोषणा-पत्र कलेक्टर विनय कुमार लंगेह को सौंपा।

शीला प्रधान के इस पुनीत संकल्प के लिए सेवा सेतु शिविर, कोसरंगी में उन्हें शाल, श्रीफल और गुलदस्ता भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही देहदान संकल्प का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर शीला प्रधान ने कहा कि जीवन केवल अपने लिए जीने का नाम नहीं है, बल्कि इसकी सार्थकता इस बात में है कि हम समाज और जरूरतमंद लोगों के काम आ सकें। उन्होंने कहा कि यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम किसी न किसी रूप में समाज के लिए उपयोगी बनें।

एकल महिला शीला प्रधान ने अपने जीवन को परोपकार और समाजसेवा के लिए समर्पित करने की इच्छा जताते हुए मृत्यु के बाद देहदान का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यदि उनके जाने के बाद उनका शरीर किसी विद्यार्थी की पढ़ाई, चिकित्सा क्षेत्र के ज्ञान या मानव कल्याण के काम आ सके, तो इससे बड़ी सार्थकता उनके जीवन के लिए कुछ नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि “मृत्यु के बाद भी मेरा शरीर किसी के काम आए, यही मेरे जीवन का सच्चा मोक्ष होगा।”

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने शीला प्रधान के इस संवेदनशील और परोपकारी निर्णय की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि देहदान का संकल्प मानव सेवा की ऐसी भावना को दर्शाता है, जिसमें व्यक्ति मृत्यु के बाद भी समाज के लिए उपयोगी बने रहने की इच्छा रखता है।

शीला प्रधान के इस निर्णय की उनके परिवारजनों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों और करीबियों ने भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज में देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अन्य लोगों को भी मानव सेवा के लिए प्रेरित करने वाली है।

शीला प्रधान का यह संकल्प संदेश देता है कि सेवा की कोई अंतिम सीमा नहीं होती। मृत्यु के बाद भी देह चिकित्सा शिक्षा, शोध और मानव कल्याण में योगदान दे सकती है और जीवन की अंतिम विदाई को भी सार्थक बना सकती है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment