महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी के अंतर्राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़, आंध्र प्रदेश से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

October 3, 2026

महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी के अंतर्राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़, आंध्र प्रदेश से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। जिला पुलिस महासमुंद ने साइबर अपराध और फर्जी बैंक खातों के जरिए ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बसना पुलिस की टीम ने आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में दबिश देकर मुख्य आरोपी बी. लक्ष्मणा डोरा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सीधे तौर पर भोले-भाले ग्रामीणों के बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों और ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड सिंडिकेट को सप्लाई करने के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।

कमीशन का लालच देकर हड़पे थे पासबुक और सिम मामले की शुरुआत प्रार्थी राजकुमार ताण्डी (निवासी ग्राम मनकी) की शिकायत से हुई। प्रार्थी ने 20 अगस्त 2026 को थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ओडिशा निवासी सुनील दुर्गा और थिमोथी छतरिया ने ग्रामीणों को 1,500 से 20,000 रुपये तक कमीशन का लालच देकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए। इसके बाद “कंपनी वेरिफिकेशन” के नाम पर आरोपियों ने ग्रामीणों के एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक और रजिस्टर्ड सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लिए और उन्हें साइबर अपराधियों को सौंप दिया।

शिकायत पर थाना बसना में अपराध क्र. 452/2026, धारा 318(4), 319(2), 3(5), 317(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

पूछताछ में खुला आंध्र प्रदेश कनेक्शन पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार किए गए आरोपी सुनील दुर्गा, थिमोथी छतरिया और हेमलाल चौहान से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने खुलासा किया कि वे यह सारा काम आंध्र प्रदेश निवासी बी. लक्ष्मणा डोरा और चंद्राराव के इशारे पर कर रहे थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड, फर्जी शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग के अवैध लेन-देन में किया जा रहा था।

घेराबंदी कर पोलावरम से दबोचा प्राप्त इनपुट के आधार पर बसना पुलिस की एक विशेष टीम आंध्र प्रदेश रवाना हुई। पुलिस टीम ने पश्चिम गोदावरी जिले के पोलावरम में घेराबंदी कर 2 अक्टूबर 2026 को मुख्य आरोपी बी. लक्ष्मणा डोरा (उम्र 30 वर्ष, निवासी बोडीगुडेम, पोलावरम) को धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से संबंधित बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय बसना के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment