सक्ती।
जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय धमनी में साइबर जागरूकता अभियान एवं सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रधान आरक्षक योगेश्वर बंजारे ने साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित और सही उपयोग के प्रति जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने निजी जानकारी, बैंक विवरण, ओटीपी और अन्य संवेदनशील जानकारी अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी।
उन्होंने ऑनलाइन ठगी के मामलों को लेकर लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि पैसे दोगुने करने, इनाम मिलने या अन्य किसी लालच में आकर अनजान लोगों के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले सावधानी बरतें और बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न दें।
वहीं महिला आरक्षक प्रतिभा मीरी ने साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि कई बार ठग फर्जी पुलिस अधिकारी या सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को डराने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करने और थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
कार्यक्रम में लोगों को साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्क रहने, बच्चों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर प्रधान आरक्षक योगेश्वर बंजारे, आरक्षक प्रतिभा मीरी, टिकेश्वर प्रसाद दुबे, सरपंच प्रतिनिधि दीपक कुमार मधुकर, जनपद सदस्य विजय कुमार केशी, शिक्षक जगजीवन प्रसाद जांगड़े, शिक्षक संजय कुमार तांजय, हेरोद कुमार भारद्वाज एवं प्रधान पाठक छोटेलाल बंजारे सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।