व्हीआईपी सुरक्षा वाहिनी में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 90 से अधिक पुलिसकर्मियों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

TEJASWI NATH SONI

October 1, 2026

बीपी, ब्लड शुगर और ईसीजी की जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया स्वास्थ्य संबंधी परामर्श

रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के स्वास्थ्य संरक्षण और कल्याण को ध्यान में रखते हुए व्हीआईपी सुरक्षा वाहिनी, माना-रायपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सेनानी श्रीमती पूजा अग्रवाल की पहल पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था।

शिविर में उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल, रायपुर की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम द्वारा 90 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं जवानों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया स्वास्थ्य मार्गदर्शन

स्वास्थ्य शिविर में डॉ. मृगेन्द्र सिंह (लैप्रोस्कोपिक सर्जन), डॉ. पंकज नरवडे (यूरोलॉजिस्ट) एवं डॉ. प्रफुल्ल महाकालकर (न्यूरो सर्जन) ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

चिकित्सकों ने नियमित स्वास्थ्य जांच को महत्वपूर्ण बताते हुए पुलिसकर्मियों को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया।

पुलिस बल के स्वास्थ्य पर विशेष जोर

पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी, तनावपूर्ण परिस्थितियों और अनियमित कार्य समय के बीच अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना उनके स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता के लिए महत्वपूर्ण है।

स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। शिविर में पुलिसकर्मियों ने स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।

इस पहल को पुलिस बल के स्वास्थ्य संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment