बाढ़ के बीच धमतरी पुलिस का साहसिक रेस्क्यू, 3 किमी पैदल चलकर और 200 मीटर तैरकर 9 लोगों को बचाया

TEJASWI NATH SONI

September 26, 2026

रात के अंधेरे में करीब तीन घंटे चला अभियान, बच्चों से लेकर बुजुर्ग साधु और मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को भी सुरक्षित निकाला

धमतरी। लगातार हो रही बारिश के चलते धमतरी जिले में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। ऐसे ही मुश्किल हालात में धमतरी पुलिस ने देर रात एक साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बाढ़ में फंसे 9 लोगों की जान बचाई।

घटना कुलेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित लोमस ऋषि आश्रम और गौशाला की है, जहां बाढ़ का पानी बढ़ने के कारण लोग चारों तरफ से घिर गए थे। सूचना मिलते ही करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू की तैयारी शुरू कर दी।

सूचना मिलते ही रवाना हुई पुलिस टीम

पुलिस के अनुसार 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे नवागांव के ग्रामीणों ने सूचना दी कि लोमस ऋषि आश्रम में कुछ लोग बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी सउनि राधेश्याम बंजारे पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना हुए।

मगरलोड-राजिम मुख्य मार्ग से कुलेश्वर महादेव मंदिर की ओर जाने वाला रास्ता पानी में डूबा हुआ था। सामान्य रास्ते से आश्रम तक पहुंचना संभव नहीं था। इसके बाद पुलिस टीम ने नदी किनारे से वैकल्पिक रास्ता चुना।

तीन किलोमीटर पैदल चले, फिर उफनते पानी में उतरे

रेस्क्यू टीम ने नवागांव की ओर से नदी किनारे करीब 3 किलोमीटर का कच्चा रास्ता पैदल तय किया। इसके बाद आश्रम तक पहुंचने के लिए करीब 200 मीटर गहरे बाढ़ के पानी को तैरकर पार करना पड़ा।

चौकी प्रभारी राधेश्याम बंजारे, आरक्षक अनिल कुमार साहू और स्थानीय ग्रामीण नंदेश ध्रुव ने जोखिम उठाते हुए पानी को पार किया। टीम ने दो बार आवागमन कर आश्रम में फंसे लोगों तक पहुंच बनाई और उन्हें एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।

रात करीब 1 बजे तक जारी रहा बचाव अभियान

बढ़ते जलस्तर, अंधेरे और कठिन परिस्थितियों के बीच पुलिस टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान जारी रखा। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 1 बजे सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू किए गए लोगों में तीन बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग साधु तथा एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति भी शामिल था। सभी को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया।

इन लोगों को सुरक्षित निकाला गया

रेस्क्यू किए गए लोगों में—

  • दुर्गेशचंद्र प्रधान (38)
  • पूनम प्रधान (30)
  • उपासना (10)
  • अघनी (6)
  • अंश प्रधान (2), निवासी सुकली भाठा, देवभोग, गरियाबंद
  • नेहरू राम साहू (54), निवासी झाझर झोरी, नवापारा, रायपुर
  • धारानंद महात्मा (81), निवासी झबरा, मैनपुरी, उत्तर प्रदेश
  • फकलूरम महानंद (77), निवासी पैण्ड्रावन, नुआपाड़ा, ओडिशा
  • करीब 55 वर्षीय एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति शामिल है।

पुलिस जवानों के साथ ग्रामीण भी बने रेस्क्यू टीम का हिस्सा

इस पूरे अभियान में पुलिस के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग किया। रेस्क्यू टीम में चौकी प्रभारी सउनि राधेश्याम बंजारे, प्रआर लोकेश नेताम, प्रआर हरिश सोरी, आरक्षक अनिल कुमार साहू, विश्वजीत वर्मा और यशवंत लहरी शामिल रहे।

वहीं स्थानीय ग्रामीण नंदेश साहू एवं सरपंच पति अवधराम साहू ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया।

मुश्किल हालात में पुलिस की तत्परता आई काम

एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही जिस तेजी से कार्रवाई शुरू की, उससे बाढ़ में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली।

रात के अंधेरे, बढ़ते जलस्तर और दुर्गम रास्ते के बावजूद पुलिस जवानों द्वारा दिखाई गई तत्परता और ग्रामीणों के सहयोग की स्थानीय लोगों ने सराहना की। बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद क्षेत्रवासियों ने धमतरी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment