सक्ती। जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सक्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हटरी चौक स्थित अग्रसेन भवन के पास अलग-अलग फड़ लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे 20 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹2 लाख 22 हजार नगद, 19 मोबाइल फोन और ताश की 4 गड्डियां जब्त की हैं। जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹7 लाख 22 हजार बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा, नशे और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी।
सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
24 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि हटरी चौक स्थित अग्रसेन भवन के पास कुछ लोग अलग-अलग फड़ बनाकर रुपये-पैसों का दांव लगाते हुए काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद थाना सक्ती पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की और दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया।
तलाशी और जब्ती की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹2,22,000 नगद, करीब ₹5 लाख कीमत के 19 मोबाइल फोन तथा 52 पत्ती वाली ताश की 4 गड्डियां बरामद कीं। इस तरह कुल करीब ₹7,22,000 का मशरूका जब्त किया गया।
20 आरोपियों पर कार्रवाई
पुलिस ने पकड़े गए सभी 20 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत विधिवत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपियों में चंद्रशेखर शर्मा, राजेश अग्रवाल, मनीष राठौर, रितेश अग्रवाल, अंकित अग्रवाल उर्फ कालू, सौरभ अग्रवाल, विपूल अग्रवाल, सावन कुमार अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, आदित्य अग्रवाल, तरूण भिंडवानी, नितिन अग्रवाल, प्रियांशु अग्रवाल, आदर्श अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, नटवर अग्रवाल, दिनेश कथुरिया, बंटी अग्रवाल, रितेश अग्रवाल और प्रताप अग्रवाल शामिल हैं।
थाना सक्ती पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।