कसडोल। सेवा संकल्प कार्यक्रम के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर को कसडोल में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। शाम 6 बजे बजरंग चौक से शुरू हुई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। नगर पंचायत कसडोल के अध्यक्ष नागेश्वर साहू के नेतृत्व एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, संस्कार और राष्ट्रभावना का संदेश दिया गया।
कलश यात्रा के पश्चात गतवा तालाब में भव्य दीप प्रज्वलन एवं गंगा आरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के दौरान नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के सहयोग से कसडोल विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष नागेश्वर साहू एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न विद्यालयों की टीम के छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर नागेश्वर साहू ने कहा कि सेवा, संस्कार और जनभागीदारी से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में एकता, सकारात्मकता और राष्ट्रभावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री श्याम बाई साहू, भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, नगर पंचायत के समस्त सभापति एवं पार्षदगण, सीएमओ एवं नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, बीईओ कसडोल, विकासखंड शिक्षा विभाग के शिक्षकगण, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, कसडोल नगर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।