गरियाबंद :- नशे के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार, 16 सितंबर 2026 को गरियाबंद स्थित नशा मुक्ति केंद्र में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों के साथ नशे की लत में फंसे व्यक्तियों को नशा छोड़ने के लिए आवश्यक सहयोग, परामर्श एवं उपचार के महत्व पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अभियान के दौरान शराब, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से बचने तथा अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता का संदेश दिया गया। नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से इस अभियान से जुड़कर अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर नशा मुक्ति केंद्र के प्रबंधक अशोक नेताम, केंद्र के अन्य स्टाफ, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना छुरा खड़ के महासचिव पुष्पराज साहू “राज”, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना महिला सेनानी लक्ष्मी नाग सहित छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अन्य सेनानी भाई-बहन उपस्थित रहे।
अभियान के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता, परामर्श और सामूहिक प्रयास को आवश्यक बताया गया।