पति के वियोग में जहर खाने वाली महिला के लिए ‘संजीवनी’ बनी डायल 112, तत्परता से बची जान
बलौदाबाजार/भाटापारा: जिले में संकट के समय नागरिकों की मदद के लिए तैनात डायल 112 की टीम ने एक बार फिर तत्परता दिखाते हुए एक महिला को नया जीवन दिया है। पति की मौत के सदमे में जहर का सेवन करने वाली महिला को डायल 112 की टीम ने बिना समय गंवाए अस्पताल पहुंचाकर एक बड़ा हादसा टाल दिया।
पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल 112 जिले में 24 घंटे मुस्तैदी से कार्य कर रही है। इसी कड़ी में 15 सितंबर की रात करीब 9:16 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि थाना भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र के एक गांव में एक महिला ने पति के निधन के गहरे शोक व वियोग में आकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण बाज-2 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गंभीर स्थिति को देखते हुए आरक्षक रूपेश बघेल (क्र. 608) और चालक मनमोहन दास चेलक ने बिना कोई समय गंवाए महिला को डायल 112 वाहन से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भाटापारा पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। समय पर इलाज मिलने से महिला की स्थिति अब खतरे से बाहर है। डायल 112 टीम की त्वरित सूझबूझ और मानवीय कार्य की ग्रामीणों व परिजनों ने सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया है।