महासमुंद में ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी कार्रवाई: 21 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 11.40 लाख का मशरूका जब्त

BIRENDRA KUMAR SEN

September 12, 2026

महासमुंद में ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी कार्रवाई: 21 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 11.40 लाख का मशरूका जब्त

तेंदुकोना/​महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत तेंदुकोना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम कौसरा क्षेत्र में घेराबंदी कर स्कूटी सवार दो स्थानीय तस्करों को 21 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 10 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

​एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के निर्देशों के तहत जिले भर में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 सितंबर को तेंदुकोना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कौसरा क्षेत्र में गांजे का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी की। इस दौरान नीले रंग की स्कूटी पर आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके पास से 21 किलो गांजा बरामद हुआ।

​पुलिस ने मौके से गांजा, तस्करी में इस्तेमाल नीले रंग की स्कूटी (कीमत ₹70,000) और दो वीवो मोबाइल फोन (कीमत ₹20,000) सहित कुल 11 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

  • यादराम साहू (उम्र 35 वर्ष), निवासी कौसरा, थाना तेंदुकोना, जिला महासमुंद
  • पीतांबर सिन्हा (उम्र 35 वर्ष), निवासी ठाकुरदियाखुर्द, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद

​पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 117/2026, धारा 20(b)(ii)(c) और 29 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment