
रिपोर्टर टेकराम कोसले
डॉ. राजेश अवस्थी बने सक्षम छत्तीसगढ़ के प्रांत अध्यक्ष, अंजलि चावड़ा को प्रांत सचिव और लोकनाथ सेन को प्रांत सह सचिव की जिम्मेदारी
जोधपुर, राजस्थान। दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास, सशक्तिकरण और सामाजिक समावेशन के लिए कार्य करने वाली राष्ट्रीय सामाजिक संस्था सक्षम के राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की महत्वपूर्ण बैठक राजस्थान के जोधपुर में संपन्न हुई। बैठक में देशभर से सक्षम के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर संगठन के आगामी कार्यों, दिव्यांगजनों तक सेवा पहुंचाने तथा संगठन के विस्तार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन एवं चर्चा की गई।
सक्षम ऐसी राष्ट्रीय सामाजिक संस्था है, जो सभी 21 प्रकार की दिव्यांगताओं के क्षेत्र में कार्य करते हुए दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास, सम्मान, अधिकार एवं आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर प्रयासरत है।
दिव्यांगजनों तक समाज की सेवा पहुंचाने पर जोर
राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक में सक्षम के संपर्क अधिकारी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख श्री राजकुमार मटाले जी पूरे समय उपस्थित रहे और उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
अधिवेशन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह श्री आलोक कुमार जी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि समाज के सबसे निचले स्तर तक रहने वाले दिव्यांगजनों तक संगठन की सेवा पहुंचनी चाहिए। सक्षम के प्रत्येक कार्यकर्ता को दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए प्रतिदिन सक्रियता के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी प्रकार की दिव्यांगताओं के संबंध में जानकारी रखने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन को निरंतर मजबूत करने के लिए नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना और उन्हें जिम्मेदारियां देना आवश्यक है। साथ ही पुराने एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए उनके लंबे अनुभव और सेवाभाव का लाभ संगठन को लेना चाहिए।
सक्षम छत्तीसगढ़ में नई जिम्मेदारियों की घोषणा
राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान सक्षम छत्तीसगढ़ प्रांत के नए पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। इसमें डॉ. सुरेन्द्र शुक्ला को प्रांत संरक्षक, डॉ. राजेश अवस्थी को प्रांत अध्यक्ष, श्रीमती अंजलि चावड़ा को प्रांत सचिव तथा श्री लोकनाथ सेन को प्रांत सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नई जिम्मेदारियों की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप छत्तीसगढ़ में दिव्यांगजनों के बीच सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया।
छत्तीसगढ़ से पदाधिकारी भी रहे उपस्थित
राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री अनूप कुमार पाण्डेय एवं प्रांत संगठन सचिव श्री राम जी राजवाड़े भी उपस्थित रहे। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित बैठक में सहभागिता करते हुए संगठन की गतिविधियों और छत्तीसगढ़ में किए जा रहे सेवा कार्यों से संबंधित विषयों पर सहभागिता की।
यह महत्वपूर्ण बैठक राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री चंद्रशेखर जी एवं महासचिव श्री उमेश अंधारे जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दयाल सिंह पवार ने की।
दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास का संकल्प
राष्ट्रीय अधिवेशन में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने, उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनकी क्षमताओं को विकसित करने के लिए सेवा कार्यों को और गति देने पर जोर दिया।
सक्षम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को केवल सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान, समान अवसर, आत्मनिर्भरता और समाज में प्रभावी सहभागिता के लिए सक्षम बनाना है। राष्ट्रीय अधिवेशन में इसी दिशा में संगठन के कार्यों को गांव-गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।